जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के पहले चरण की 24 सीटों पर मतदान हो रहा है. इन 24 विधानसभा सीटों पर कुल 219 उम्मीदवार मैदान में हैं. पहले फेज में दक्षिण कश्मीर क्षेत्र की 16 और जम्मू रीजन की आठ सीटों पर वोटिंग है.
अगस्त 2019 में अनुच्छेद 370 निरस्त किये जाने के बाद से जम्मू-कश्मीर में यह पहला विधानसभा चुनाव होगा. चुनाव आयोग के अनुसार प्रथम चरण में कुल 23,27,580 मतदाता हैं, जिनमें 11,76,462 पुरुष, 11,51,058 महिलाएं और 60 तृतीय लिंग के हैं. आयोग के एक अधिकारी ने बताया कि पहले चरण में 18 से 19 वर्ष की आयु के 1.23 लाख युवा, 28,309 दिव्यांग और 85 वर्ष से अधिक आयु के 15,774 बुजुर्ग मतदाता भी अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे.

