देहरादून : पिछली दीपावली की अपेक्षा इस बार देहरादून में एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआइ) 45 अंक ऊपर चढ़ा है। इसी के साथ वायु प्रदूषण का ग्राफ 14.2 फीसद अधिक रहा। हरिद्वार में भले ही एक्यूआइ सबसे ज्यादा हो, लेकिन पिछले साल की तुलना में यहां की हवा दो फीसद कम प्रदूषित रही। दीपावली पर कम आतिशबाजी के मामले में सबसे ज्यादा सुधार (39 फीसद) ऋषिकेश के निवासियों ने किया। इसी तरह काशीपुर (15.4) और हल्द्वानी (1.7) में भी सुधार देखने को मिला।
देहरादून के लिए अच्छी बात सिर्फ यह रही कि एसओटू और एनओटू के स्तर में कमी दर्ज की गई। इसका मतलब यह हुआ कि दीपावली पर पहले की अपेक्षा ट्रैफिक जाम की समस्या कम रही। जिन पीएम-10 व पीएम-2.5 जैसे अहम प्रदूषण कणों की मात्रा को एक्यूआइ में शामिल किया जाता है, उनकी स्थिति दीपावली पर अधिकतम सीमा से ढाई से तीन गुना होना भी गंभीर बात है।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सदस्य सचिव एसपी सुबुद्धि ने बताया कि हरिद्वार में पीएम-10 की मात्रा पहले की अपेक्षा ज्यादा पाई गई। इसकी वजह यह हो सकता है कि वहां राजमार्ग चौड़ीकरण आदि का काम चल रहा है। वहीं, काशीपुर में एसओटू और एनओटू की मात्रा अधिक पाई गई। जिसका आशय यह हुआ कि वहां दीपावली पर ट्रैफिक जाम अधिक रहा।

