कोरोना के एक्टिव मामलों को लेकर उत्तराखंड में हुई बेहतर स्थिति, बढ़ रहा रिकवरी रेट.

उत्तराखंड : राज्य में कोरोना के एक्टिव मामलों को लेकर स्थिति थोड़ा बेहतर है। बुधवार को राज्य में 304 नए कोरोना संक्रमित मिले, जबकि इससे डेढ़ गुना ज्यादा लोग रिकवर हुए हैं। राज्य में कोरोना के नए मरीज मिलने की दर कम होने के साथ मौत का आंकड़ा भी नीचे आया है। बीते दिन राज्य में दो मरीजों की मौत हुई। इनमें एक एम्स ऋषिकेश व एक मरीज ने हल्द्वानी स्थित डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय में दम तोड़ा है। कोरोना संक्रमित 1009 मरीजों की मौत भी अब तक राज्य में हो चुकी है
कोरोना मरीजों का रिकवरी रेट राष्ट्रीय औसत से ज्यादा होने के साथ ही सक्रिय मामलों में भी उत्तराखंड की स्थिति देश से बेहतर हो गई है। बीते दिन राज्य में कोरोना के एक्टिव केस की संख्या कुल संक्रमितों की संख्या की 6.03 प्रतिशत थी, जबकि देश में यह 7.67 प्रतिशत है। राज्य में रिकवरी की दर 91.53 प्रतिशत, जबकि राष्ट्रीय स्तर पर 90.82 प्रतिशत है। एक अच्छी बात ये भी है कि मौत का आंकड़ा पिछले पांच दिन से इकाई पर सिमटा हुआ है। इस लिहाज से कोरोना का प्रभाव अब लगातार कम हो रहा है।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, बुधवार को सरकारी व निजी लैब से कुल 12047 सैंपल की जांच रिपोर्ट मिली, जिनमें 11743 सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आई है। जनपद देहरादून में सबसे ज्यादा 79 लोग की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं नैनीताल में भी 47 लोग संक्रमित मिले हैं। इसके अलावा पौड़ी में 38, हरिद्वार में 29, चमोली व रुद्रप्रयाग में 23-23, ऊधमसिंह नगर में 18, टिहरी में 14, बागेश्वर में 10, उत्तरकाशी में छह, पिथौरागढ़ में पांच और अल्मोड़ा में चार व्यक्ति संक्रमित मिले हैं।
अभी तक प्रदेश में कुल 61216 लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। जिनमें से 56073 ठीक हो गए हैं। वर्तमान में 3696 एक्टिव केस हैं, जबकि 483 मरीज राज्य से बाहर जा चुके हैं।

Trending Now