ऋषिकेश में लॉकडाउन के बाद पर्यटकों की आवाजाही से फिर चल पड़ा पर्यटन उद्योग.

ऋषिकेश : मार्च से लगे लॉकडाउन में करीब छह महीने तक पर्यटन उद्योग पूरी तरह से ठप रहा। लेकिन अब अनलॉक की प्रक्रिया के बाद पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने से पर्यटन उद्योग फिर चल पड़ा है। 
ऋषिकेश में आर्थिकी का मुख्य आधार पर्यटन उद्योग ही है। चारधाम यात्रा तथा गढ़वाल मंडल विकास निगम का प्रवेश द्वार होने के कारण यहां होटल उद्योग लगभग बारह महीने आबाद रहता है। इसके अलावा गंगा में रिवर राफ्टिग, कैंपिग और अन्य एडवेंचर गतिविधियों के कारण यहां पर्यटकों की सबसे ज्यादा आवाजाही बनी रहती है।
फरवरी से नवंबर तक राफ्टिग, कैंपिग के अलावा चारधाम यात्रा का समय होने के कारण यहां अच्छी-खासी संख्या में तीर्थयात्री और पर्यटक पहुंचते हैं। मगर, इस साल मार्च में जनता क‌र्फ्यू के साथ ही शुरू हुए लॉकडाउन के बाद छह महीने तक यहां के सभी होटल, गेस्ट हाउस, कैंप, रिसार्ट बंद रहे। राफ्टिग व अन्य एडवेंचर पर्यटन की गतिविधियां भी ठप पड़ी रही। कुछ होटलों का जरूर प्रशासन ने क्वारंटाइन सेंटर के रूप में बदलाव किया था। लेकिन ज्यादातर होटलों में करीब छह महीने तक ताले ही लटके रहे।
अब अनलॉक की प्रक्रिया में सभी होटल, रिसॉर्ट, गेस्ट हाउस व कैंपों को खोलने की अनुमति दे दी गयी है। पर्यटकों पर भी अब कोविड जांच संबंधी कोई पाबंदी नहीं है। जिससे पिछले तीन सप्ताह से पर्यटकों की संख्या बढ़ी है। आजकल में बड़ी संख्या में पर्यटकों के अलावा चारधाम के लिए तीर्थयात्री भी यहां पहुंच रहे हैं, जिससे पर्यटन उद्योग को काफी मदद मिली रही है। 
बिजेंद्र पंवार (सचिव, तपोवन-लक्ष्मणझूला होटल एसोसिएशन) ने बताया कि अनलॉक-5 में पर्यटकों के लिए कोविड जांच की अनिवार्यता के खत्म होने के बाद पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। वर्तमान में अच्छी संख्या में पर्यटक व तीर्थयात्री यहां पहुंच रहे हैं। यदि रेल व अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवाएं खुलती हैं तो पर्यटकों की संख्या में और भी वृद्धि हो जाएगी। कुल मिलाकर पिछले छह महीने के सन्नाटे के बाद अब होटल उद्योग को कुछ संजीवनी मिली है।
दीपक बडोनी (राफ्टिग व्यवसायी) का कहना है कि राफ्टिग के प्रति पर्यटकों का क्रेज बरकरार है। हालांकि, पिछले वर्षो के मुकाबले इस वर्ष अनलॉक के बाद मात्र 25 प्रतिशत पर्यटक ही राफ्टिग के लिए पहुंचा है। हालांकि वीकएंड पर राफ्टिग और कैंपिग के लिए अच्छी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं।

Trending Now