गुरूवार को राज्य में मिले 305 नए कोरोना संक्रमित, रिकवरी रेट पहुंचा 92 प्रतिशत.

उत्तराखंड : राज्य में गुरूवार को तीन महीने बाद एक भी संक्रमित मरीज की मौत नहीं हुई। कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत थमने से सरकार और स्वास्थ्य विभाग को राहत मिली है। पहली बार राज्य का रिकवरी रेट 92 प्रतिशत पहुंचा है। बीते दिन 305 नए कोरोना संक्रमित मामले मिले हैं, वहीं 456 मरीज स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं।
राज्य में कुल कोरोना संक्रमितों की संख्या 61566 हो गई है। इनमें से 56529 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। कोरोना से अब तक राज्य में 1009 संक्रमित मरीजों की मौत हो चुकी है। पिछले महीने यहां एक ही दिन में 10 से ज्यादा मौतें हो रही थी। इससे लोगों में डर बढ़ने के साथ ही सरकार भी चिंतित थी।
अब जाकर कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत में कमी आई है। तीन महीने बाद ऐसा हुआ है जब राज्य में एक भी मरीज की मौत नहीं हुई है। ऐसी स्थिति बीते 26 जुलाई को थी, जब एक दिन में एक भी संक्रमित मरीज की मौत नहीं हुई थी। 
गुरुवार को देहरादून में 78, नैनीताल, पौड़ी में 33-33, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर व टिहरी में 24-24, चमोली में 22, रुद्रप्रयाग में 21, पिथौरागढ़ में 14, बागेश्वर में 10, उत्तरकाशी व अल्मोड़ा में आठ-आठ और चंपावत जिले में छह नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। 
अमित नेगी (सचिव स्वास्थ्य) ने बताया कि कोरोना से मृत्यु दर रोकने के लिए हरसंभव प्रयास किया जा रहा है। सरकार की ओर से सरकारी व निजी अस्पतालों को संक्रमितों का इलाज ट्रीटमेंट प्रोटोकॉल के अनुसार करने के सख्त निर्देश दिए हैं। रिकवरी दर में सुधार के साथ ही मृत्यु दर में कमी आई है।

थमा मौत का सिलसिला
राज्य में कोरोना से पहले एक ही दिन में 10 से अधिक मरीजों की मौतें हो रही थी। अब कोरोना संक्रमण थमने के साथ ही मौत का ग्राफ भी कम हो रहा है। कोरोना के खिलाफ जंग में राज्य के लिए यह अच्छा संकेत हैं। वर्तमान में राज्य की मृत्यु दर 1.63 प्रतिशत है।

Trending Now