देहरादून : कोरोना संक्रमित मरीजों के मिलने के चलते नगर निगम ऑफिस एक बार फिर से आमजन के लिए दो दिन सोमवार और मंगलवार को बंद रहेगा। ना ही हाउस-टैक्स जमा होगा और ना ही जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनेंगे।
नगर निगम में लगातार कोरोना के केस सामने आ रहे हैं। अब हालात ये हैं कि हफ्ते में सिर्फ दो दिन ही ऑफिस खुल रहा है और बाकी दिन कोरोना संक्रमण के कारण बंद हो जा रहा है। रविवार को फिर से एक कार्मिक में कोरोना संक्रमण की पुष्टि होने पर नगर आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने ऑफिस दो दिन आमजन के लिए बन्द करने के आदेश दिए। इन दो दिन सोमवार और मंगलवार को ऑफिस को सेनिटाइज कराया जाएगा।
नगर आयुक्त ने बताया कि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऑफिस में आमजन के प्रवेश पर दो दिन की रोक लगाई गई है। जिसके कारण, लोग नगर निगम आने की जगह पूर्व में जारी अधिकारियों के मोबाइल नम्बरों पर सम्पर्क करें। सभी जरुरी कार्यों के लिए अधिकारियों के नम्बर पूर्व में जारी किए जा चुके हैं। अब नगर निगम ऑफिस बुधवार को आमजन के लिए खुलेगा।
दो जगहों से सैंपलिंग को गई टीम को लौटाया
कंटेनमेंट जोन में सैंपलिंग को गई स्वास्थ्य विभाग की टीम को दो स्थानों से बिना सैंपलिंग के लौटना पड़ा। क्षेत्रवासियों के विरोध के चलते सैंपलिंग नहीं हो पाई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्षेत्रवासियों को समझाने की कोशिश भी की, लेकिन सभी ने यह कहकर मना कर दिया कि वह बिल्कुल स्वस्थ्य हैं। उनमें कोई कोरोना का कोई भी लक्षण नहीं है। यदि कोई लक्षण होगा तो वह स्वयं ही अस्पताल पहुंचकर अपनी जांच करा लेंगे।
कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से किए जा रहे कोशिशों में जनता का सहयोग पूरी तरह से नहीं मिल पा रहा है। विभाग की कोशिश है कि ज्यादा से ज्यादा सैंपलिंग कराई जाए। जिससे कि कोरोना संक्रमित व्यक्ति को अलग कर उसका उपचार कराया जा सके। ताकि वह आगे संक्रमण न फैला सके। विभाग का अधिक से अधिक सैंपलिंग पर जोर है, लेकिन क्षेत्रवासी इसके लिए तैयार नहीं हो रहे हैं।

