बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा- भाजपा का कार्यकर्ता है एक प्रशिक्षित कार्यकर्ता .

देहरादून : रविवार को निरंजनपुर स्थित एक होटल में भाजपा की तरफ से मंडल प्रशिक्षण कार्यक्रम को लेकर कार्ययोजना बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में राज्य के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने जनता को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण जीवन का एक अभिन्न अंग है और भाजपा का कार्यकर्त्‍ता एक प्रशिक्षित कार्यकर्त्‍ता होता है। प्रशिक्षण से ही वह अपनी योग्यता को निखारता है। इसीलिए भाजपा कार्यकर्त्‍ताओं के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करता है।
इसके समापन के अवसर पर मुख्यमंत्री ने ऑनलाइन माध्यम द्वारा सम्बोधन दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा विश्व की प्रमुख पार्टी है और आज भाजपा का जो वर्तमान स्वरूप है, उसको यहां तक पहुंचाने में हर एक छोटे से बड़े कार्यकर्त्‍ता का महत्वपूर्ण योगदान है। जहां तक पार्टी में प्रशिक्षण की बात आती है तो ध्येयवाद की बात सर्वप्रथम आती है, इसलिए कहा जाता है कि भाजपा कार्यकर्त्‍ता हमेशा ध्येयवादी होता है।
इस सम्बोधन से पहले 252 मंडलों में अक्टूबर में आयोजित होने वाले प्रशिक्षण वर्गों की तैयारियों पर चर्चा की गई। बताया गया कि 18 अक्टूबर से 11 नवंबर तक प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाए जाएंगे।
इस दौरान राज्य के अध्यक्ष बंशीधर भगत ने कहा कि वर्तमान में कार्यकर्त्‍ताओं के समर्पण, त्याग, तपस्या के कारण पार्टी देश के कई राज्यों की सत्ता में है। इन प्रशिक्षण के द्वारा ऐसे ही समर्पित कार्यकर्ताओं का निर्माण कर मिशन 2022 के लक्ष्य को हासिल करना है।
वहीं प्रदेश महामंत्री संगठन अजय कुमार ने कहा कि प्रशिक्षण प्रक्रिया कार्यक्रम केवल आयोजनभर नहीं है। प्रशिक्षण से व्यक्ति निर्माण के साथ संगठन के कार्यो, उनसे जुड़े महापुरुषों व पार्टी के विचारों के बारे में गहराई से जानकारी देना है।
इस मौके पर प्रांत प्रशिक्षण प्रमुख, सरकार में राज्यमंत्री ज्योति गैरोला ने प्रशिक्षण वर्ग के आने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी। मंडल प्रशिक्षण वर्ग की इस कार्ययोजना बैठक में प्रदेश पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों, प्रांत प्रशिक्षण टोली व जिला प्रशिक्षण प्रमुख व सह प्रशिक्षण प्रमुखों ने भाग लिया।

Trending Now