देहरादून : शुक्रवार देर रात को राज्य के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने रोडवेज बसों के अंतरराज्यीय परिवहन को मंजूरी दे दी है। परिवहन विभाग की तरफ से फाइल मुख्य सचिव को भेज दी गई थी, लेकिन इसमें कुछ शर्तों को देखते हुए फाइल को मुख्यमंत्री के पास भेज दिया गया था।
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री ने इसमें स्वास्थ्य विभाग से भी राय मांगी थी। इस पर विचार-विमर्श कर मुख्यमंत्री ने देर रात फाइल अनुमोदित कर दी। इसमें उन्होंने उत्तर प्रदेश, हरियाणा, हिमाचल, राजस्थान और पंजाब के लिए 100-100 बसें चलाने की अनुमति दे दी है। इन राज्यों से भी इतनी ही संख्या में बसें उत्तराखंड आ सकेंगी।
अंतरराज्यीय परिवहन को मंजूरी देने को लेकर सबसे बड़ी परेशानी उत्तराखंड में प्रवेश करने वालों के पंजीकरण को लेकर थी। परेशानी ये थी कि अपनी और दूसरे राज्यों की जो बसें बाहर से राज्य में आएंगी, उनके यात्रियों का पंजीकरण कैसे चेक होगा। मौजूदा परिस्थिति में राज्य की सीमाओं पर बाहरी यात्रियों का पंजीकरण चेक किया जाता है। इसके साथ ही यात्री कितने दिन के लिए आ रहे हैं और उनके होम क्वारंटाइन आदि की क्या स्थिति है, यह सीमा पर देखा जाता है। रोडवेज के संचालन के बाद यह जांच करना आसान नहीं होगा।
पहले इस बारे में विचार चल रहा था कि इसके लिए बस अड्डों पर प्रशासन की टीम को तैनात किया जाए, जो रेलवे स्टेशन या हवाई अड्डे पर यात्रियों की जांच करे। बताया गया कि इस पर व्यवस्था बनाने के आदेश के बाद मुख्यमंत्री ने शुक्रवार देर रात अंतरराज्यीय परिवहन से जुड़ी फाइल को मंजूरी दे दी। अपर सचिव परिवहन रणवीर सिंह चौहान ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा एक-दो दिन में एसओपी जारी कर दी जाएगी।
इस बारे में मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतरराज्यीय परिवहन को लेकर मंजूरी दे दी दी गयी है। उत्तर प्रदेश, हरियाणा, हिमाचल, राजस्थान और पंजाब के साथ 100-100 बसों को परस्पर संचालन की अनुमति दी गयी है। परिवहन विभाग को इसकी एसओपी बनाकर व्यवस्था बनाने के आदेश दिए गए हैं।
कोरोना के कारण रोडवेज का मुख्यालय बंद
कोरोना संक्रमण के चलते रोडवेज के मुख्यालय को दो दिन शनिवार और रविवार के लिए बंद कर दिया गया है। बताया गया कि शुक्रवार की सुबह सीआरपीएफ के कुछ जवानों के कोरोना संक्रमित होने की जानकारी मिली। सीआरपीएफ का कार्यालय यूसीएफ (उत्तराखंड को-ऑपरेटिव फेडरेशन) के ही भवन में है। जिस फ्लोर पर सीआरपीएफ कार्यालय है, वहीं पर रोडवेज मुख्यालय भी है।
सावधानी के लिए कदम उठाते हुए रोडवेज के प्रबंध निदेशक रणवीर सिंह चौहान ने अगले दो दिन कार्यालय बंद कर सैनिटाइज कराने के आदेश दिए हैं । ऐसे में अगर रोडवेज बसों के संचालन की अनुमति शनिवार को मिल भी जाती है तो मुख्यालय बंद होने से बसों का संचालन सोमवार से पहले शुरू होने के संकेत नहीं हैं।

