राज्य में नमामि गंगे की 8 परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे प्रधानमंत्री .

उत्तराखंड : देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नमामि गंगे कार्यक्रम के तहत आठ परियोजनाओं का ऑनलाइन उद्घाटन 29 सितम्बर को करेंगे। नेशनल मिशन फॉर क्लीन गंगा के महानिदेशक राजीव रंजन मिश्रा की ओर से इस सम्बन्ध में मुख्य सचिव उत्तराखंड ओमप्रकाश को पत्र भेज कर जानकारी दी गई है। सभी जिलाधिकारियों से अपनी अपनी साइट पर तैयारी पूरी रखने के निर्देश दिए। राज्य में एसटीपी प्लांट के साथ ही चंडी घाट हरिद्वार में एक म्यूजियम का भी उद्घाटन होना है।
इस बात की पुष्टि परियोजना निदेशक उदय राज सिंह ने की है। राज्य में हरिद्वार, देहरादून, टिहरी, चमोली जिले में योजनाओं का उद्घाटन होना है। ये सभी प्रोजेक्ट तय समय पर पूरे कर लिए गए हैं। 
जगजीतपुर हरिद्वार में 66 एमएलडी और 27 एमएलडी के दो प्लांट हैं। हरिद्वार में ही सराय में 18 एमएलडी का एक और बड़ा प्लांट है। मुनिकीरेती पांच एमएलडी, ऋषिकेश चंद्रेश्वरनगर 7.5 एमएलडी, लक्कड़घाट ऋषिकेश में 26 एमएलडी, बदरीनाथ पुल के पास चमोली में एक एमएलडी का प्लांट तैयार किया गया है। श्री बदरीनाथ मंदिर के पास दस केएलडी का एसटीपी तैयार किया गया है।
दूसरी तरफ, हरिद्वार में एक गंगा अवलोकन केंद्र निर्माण भी किया गया है। केंद्र सरकार की ओर से परियोजनाओं की सूची भेजकर राज्य सरकार को ऑनलाइन लोकार्पण कार्यक्रम की व्यवस्था करने को कहा गया है। पीएम मोदी इन सभी योजनाओं का ऑनलाइन निरीक्षण भी कर सकते हैं। इस दौरान वह परियोजना के संबंध में संबंधित अधिकारियों से जानकारी भी प्राप्त कर सकते हैं।

बाद में होगा डोबरा-चांठी पुल का उद्घाटन
प्रधानमंत्री को सीवरेज शोधन संयंत्रों के साथ ही पहले डोबरा चांठी सस्पेंशन पुल का भी ऑनलाइन लोकार्पण करना था, परन्तु इसे अभी स्थगित रखा गया है। इसका कारण पुल का सिक्योरिटी ऑडिट है। सचिव लोनिवि आरके सुधांशु के अनुसार अभी पुल का सिक्योरिटी ऑडिट चल रहा है। इसके पूरे हो जाने के बाद ही उद्घाटन होगा।

Trending Now