साध्वी उमा भारती ने बद्रीनाथ धाम में की पूजा-अर्चना.

उत्तराखंड : पूर्व केंद्रीय मंत्री व भाजपा की वरिष्ठ नेता उमा भारती ने आज गुरुवार को बद्रीनाथ धाम पहुंच कर पूजा-अर्चना कर ध्यान व तप किया। वह बुधवार शाम केदारनाथ से जोशीमठ आई थी। उन्होंने आज सुबह ज्योतेश्वर मंदिर में पूजा अर्चना के साथ रुद्राभिषेक पाठ में भी भाग लिया। इसके बाद उन्होंने बद्रीनाथ धाम के लिए प्रस्थान किया। 
बद्रीनाथ धाम में दोपहर को साध्वी उमा भर्ती ने पुरुषोत्तम मास में पुरुषोत्तम योग गीता पाठ किया। बदरीनाथ के धर्माधिकारी भुवन चंद्र उनियाल ने बताया कि उन्होंने उमा भारती की पूजा अर्चना कराई। उन्होंने बदरीनाथ स्थित भगवत माई की कुटिया में जाकर एक घंटे तक ध्यान व तप किया। वह बदरीनाथ दर्शनों के बाद जोशीमठ लौटी।
इन दिनों पूर्व केंद्रीय मंत्री व भाजपा की वरिष्ठ नेता उमा भारती बदरीनाथ व केदानाथ यात्रा पर हैं। बीते सोमवार को उन्होंने केदारनाथ धाम पहुंचकर बाबा केदार के दर्शन किए थे। मंदिर परिसर में स्थित नंदी की मूर्ति से ही भगवान केदार के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने धाम में मौजूद यात्रियों, मंदिर कर्मचारी व अन्य किसी से भी कोई मुलाकात नहीं की। कोरोना संक्रमण के कारण उन्होंने खुद ही दूरी बनाये रखी। दर्शन के बाद वह अपने कक्ष में चली गई। इसके बाद वे शाम को बाबा केदार की आरती में शामिल हुई।
पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती का केदारनाथ धाम के प्रति विशेष लगाव है। 2013 की आपदा के बाद वे हर वर्ष यात्राकाल में यहां आती रही हैं। वर्ष 2016 में कपाट बंद होने के बाद भी वे यहां दो दिन तक साधना में लीन रही। इस दौरान उन्होंने नई दिल्ली से अधिकारियों को बुलाकर धाम में आपदा के दौरान मलबे में दबे प्राचीन कुंडों के पुनरूद्धार को लेकर कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए थे।

Trending Now