आतिशी को दिल्ली का नया मुख्यमंत्री बनाया जा रहा है. आम आदमी पार्टी विधायक दल की बैठक में उनके नाम पर मुहर लग गई है. आम आदमी पार्टी की तरफ से इसका ऐलान भी कर दिया गया है. इसके साथ ही दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उपराज्यपाल (LG) वीके सक्सेना से मुलाकात कर अपना इस्तीफा सौंप दिया है आतिशी का नाम फाइनल होने के साथ ही वो दिल्ली की तीसरी महिला मुख्यमंत्री बनने जा रही हैं. इससे पहले, सुषमा स्वराज और शीला दीक्षित भी दिल्ली की कमान संभाल चुकी हैं. आतिशी कालकाजी विधानसभा सीट से विधायक हैं. मौजूदा समय में उनके पास कुल 13 मंत्रालय हैं. सियासी गलियारों में आतिशी को केजरीवाल के भरोसेमंद साथियों में से एक माना जाता है. आम आदमी पार्टी की विधायक दल की बैठक के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए आतिशी ने कहा, 'केजरीवाल जी ने मुझ पर भरोसा किया. मुझे विधायक बनाया. मुझे मंत्री बनाया. और आज मुख्यमंत्री बनने की जिम्मेदारी दी है. मैं खुश हूं कि मुझ पर केजरीवाल जी ने मुझपे इतना भरोसा किया है. लेकिन जितना खुश आज मेरा मन है, उससे ज्यादा दुखी भी है. दुख इसलिए कि दिल्ली के लोकप्रिय मुख्यमंत्री मेरे बड़े भाई अरविंद केजरीवाल जी आज इस्तीफा दे रहे हैं. मैं आज जरूर यह कहना चाहती हूं कि दिल्ली का एक ही मुख्यमंत्री है. और उस मुख्यमंत्री का नाम अरविंद केजरीवाल है.'

