अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में आशुतोषनगर, ऋषिकेश निवासी एक कोरोना पॉजिटिव 27 वर्षीय युवक को भर्ती किया गया है। इसके साथ प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमित मरीजों की संख्या 92 में हो गई है। युवक मुंबई स्थित एक होटल में कार्यरत था, जो कि दो दिन पूर्व वहां से अपने घर लौटा था।
एम्स के जनसंपर्क अधिकारी हरीश मोहन थपलियाल ने बताया कि युवक मुंबई के होटल आईटीसी मराठा में करीब 6 साल से बतौर रिसेप्शनिस्ट है, जो बीते 14 मई को वहां से अपने घर आशुतोष नगर, ऋषिकेश लौटा है, वह उसके बाद से होम क्वारंटाइन में था। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य खराब होने पर 16 मई को उसका सैंपल लिया गया, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई। उन्होंने बताया कि हाल ही में युवक जिस होटल में कार्यरत है, उसमें कुछ सकारात्मक मामले मिले थे, जिसके बाद युवक घर लौटा था। हालांकि वहां कार्य के दौरान उसका कोरोना परीक्षण किया गया था, जिसमें रिपोर्ट नकारात्मक आई थी।
घर लौटकर गृह एकांतवास में रह रहे इस युवक के स्वास्थ्य में दिक्कत होने पर वह स्वयं एम्स ऋषिकेश की कोरोना स्क्रीनिंग ओपीडी में शनिवार को परीक्षण के लिए आया था। जहां कोरोना के मद्देनजर उसके रक्त का नमूना लिया गया। उन्होंने बताया कि संभवतः उसे अपने कोरोना संक्रमित होटल के सहकर्मियों अथवा लंबी दूरी की यात्रा के दौरान किसी अन्य व्यक्ति से संक्रमण हुआ है। लिहाजा एम्स में परीक्षण के उपरांत 16 मई की मध्य रात्रि को उसकी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्होंने बताया कि इस बाबत जिला और राज्य निगरानी से जुड़े अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है और डिटेल कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग और आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है।
उत्तराखंड में शनिवार दिन भर में कुल 9 लोगों की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इनके सापेक्ष 51 मरीज अबतक स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि कोरोना संक्रमित एक महिला की पहले ही एम्स (ऋषिकेश) में मौत हो चुकी है। इस प्रकार राज्य में मौजूदा समय में कुल 39 मरीज विभिन्न अस्पतालों में उपचाररत हैं।
राज्य में कोरोना संक्रमित मरीजों की एक दिन में अबतक की यह सर्वाधिक संख्या है। इनमें देर शाम ऊधम सिंह नगर जिले में दो पुरुषों और नैनीताल जिले में एक महिला मरीज की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव प्राप्त हुई। इन सभी के सैम्पल हल्द्वानी की वॉयरोलॉजी लैब में जांचे गए हैं। ऊधम सिंह नगर जिले के दोनों पुरुष मरीज सीएचसी जसपुर में हैं, जिनमें एक की उम्र 41 और दूसरे की 23 साल है। इनके अलावा नैनीताल की सुशीला तिवारी हॉस्पिटल में 20 वर्षीय एक महिला मरीज है, जो अब कोरोना पॉजिटिव पाई गई है।

