ओलंपिक खेलों पर कोरोना वायरस का साया.

कोरोना के बीच टोक्यो ओलिंपिक 2020 की आधिकारिक शुरुआत आज से हो गई। हालांकि ओपनिंग सेरेमनी शाम 4.30 बजे से है। इस बार ओलिंपिक में करीब 11,238 खिलाड़ी 33 खेलों में 339 गोल्ड के लिए दावेदारी पेश कर रहे हैं।

शुक्रवार को तीन खिलाड़ियों सहित 19 लोगों के कोरोना संक्रमित होने का मामला सामने आया। आयोजकों की ओर से जारी कोरोना अपडेट में बताया गया है कि खेल गांव में रहने वाले चेक गणराज्य के रोड साइकिलिस्ट मिशेल श्लेजेल सहित कुल तीन खिलाड़ी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इनके साथ ओलिंपिक की तैयारी में जुटे 10 कर्मचारी, तीन पत्रकार और तीन ठेकेदार भी पॉजिटिव पाए गए हैं। वहीं अब तक 106 लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। जिनमें 11 खिलाड़ी हैं।

ओपनिंग सेरेमनी में 950 लोग ही भाग लेंगे
टोक्यो ओलिंपिक में कोरोना की वजह से दर्शकों की इंट्री नहीं दी गई है। वहीं ओपनिंग सेरेमनी में 950 लोग ही भाग लेंगे। ओपनिंग टोक्‍यो में राष्‍ट्रीय स्‍टेडियम में होगी। ओपनिंग सेरेमनी स्‍थानीय समयानुसार शाम 8 बजे शुरू होगी। भारत के समय के मुताबिक यह शाम 4 बज कर 30 मिनट पर शुरू होगी। ओपनिंग सेरेमनी में जापान के सम्राट नारुहितो भी शामिल होंगे। इनके अलावा अमेरिका की प्रथम महिला जिल बाइडेन भी उद्घाटन समारोह में मौजूद रहेंगी।

टोक्यो ओलिंपिक के शुभंकर को मिराइतोवा और सोमाइटी नाम दिया गया है। जापानी शब्द मिराइतोवा में मिराइ का अर्थ भविष्य और तोवा का अर्थ अनंत काल होता है। टोक्यो ओलिंपिक में प्रायोजकों से 3.3 बिलियन डॉलर की कमाई हुई है, जो अभी तक प्रायोजकों से होने वाली सबसे ज्यादा कमाई है।

Trending Now