उत्तराखंड : उत्तराखंड सरकार ने कैबिनेट बैठक में राज्य में उच्च शिक्षण संस्थानों को 15 दिसंबर से खोलने का निर्णय लिया है। इस दौरान उच्च शिक्षण संस्थाओं को कोविड-19 की गाइडलाइंस का सख्ती से पालन करना होगा।
स्वास्थ्य विभाग ने कहा है कि संस्थानों में सोशल डिस्टैंसिंग का पालन और मास्क पहनना अनिवार्य होगा। कई राज्यों में शिक्षण संस्थान 31 दिसंबर तक बंद हैं।
वहीं कोरोना महामारी के खतरे को देखते हुए मध्य प्रदेश सरकार ने अपने यहां स्कूलों को 31 मार्च तक बंद रखने का फैसला किया है। हालांकि, 10वीं एवं 12वीं की नियमित कक्षाएं कुछ दिनों में शुरू होंगी।
कोविड-19 के खतरे को देखते हुए और इसके प्रसार पर रोक लगाने के लिए देशभर के स्कूल एवं कॉलेज 16 मार्च को बंद कर दिए गए। अनलॉक विभिन्न चरणों में कई प्रतिबंधों में ढील दी गई है लेकिन कई राज्यों में स्कूल अभी भी नहीं खुले हैं।
राज्य में 82 हजार के पार हुई कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या
रविवार को राज्य में 490 लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई जबकि चार अन्य मरीजों ने कोविड-19 की वजह से दम तोड़ दिया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार, 490 नए मरीजों के सामने आने के साथ ही उत्तराखंड में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 82,429 हो गई है।
राज्य में रविवार को 396 और मरीज उपचार के बाद स्वस्थ हो गए। अब तक कुल 73818 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ हो चुके हैं और उपचाराधीन मामलों की संख्या 5,456 है। राज्य से कोविड-19 के 963 मरीजों ने पलायन किया है।

