उत्तराखंड में आज से खुले उच्च शिक्षण संस्थान, गाइडलाइंस का होगा सख्त पालन .

उत्तराखंड : आज यानि मंगलवार से प्रदेश के उच्च शिक्षण संस्थान खुलने जा रहे हैं। देहरादून सहित पूरे राज्य में विश्वविद्यालयों के साथ ही महाविद्यालय छात्र-छात्राएं प्रवेश पा सकेंगे। इसको लेकर तैयारियां भी पूरी कर ली गईं थी। कॉलेज खुलने से पहले उन्हें सैनिटाइज किया गया और वहां की साफ-सफाई भी की गई।
कोरोना वायरस संक्रमण के चलते मार्च में उत्तराखंड में लॉकडाउन लगा और स्कूल कॉलेज पूरी तरह से बंद कर दिए गए। इसके बाद से ही छात्र-छात्राओं की पढ़ाई ऑनलाइन होने लगी। अब करीब आठ महीने बाद उच्च शिक्षण संस्थान खुलने जा रहे हैं। ऐसे में संस्थानों ने पूरी तैयारी कर ली है।
उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. कुमकुम के अनुसार, सभी विवि-कालेज को शासन की ओर से जारी एसओपी को दिया जा चुका है। सभी को सख्त निर्देश हैं कि कोरोना संक्रमण से बचाव के सभी मानकों का सख्ती से पालन किया जाए।
कोरोना महामारी की वजह से सरकार ने एहतियातन मार्च में सभी शैक्षिक संस्थानों को बंद कर दिया था। विभिन्न सेक्टर में बढ़ती रियायतों को देखते हुए सरकार ने पिछले महीने दो नवंबर को माध्यमिक स्तर पर 10 और 12 वीं की कक्षाओं को शुरू करने की अनुमति दे दी है।
उच्च शिक्षा स्तर पर भी कालेजों को खोलने की मांग की जा रही थी। पिछले दिनों कैबिनेट में सर्वसम्मति से 15 दिसंबर से स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर पर पहले और अंतिम सेमेस्टर की प्रैक्टिकल वाली कक्षाओं को खोलने को निर्णय किया गया था।

ये मानक होंगे लागू:
- छात्र को अपने अभिभावक की अनुमति बिना नहीं आ सकते।
- बिना मास्क के लिए कालेज परिसर में अनुमति नहीं, परिचय पत्र भी होगा जरूरी।
- सामाजिक दूरी का पालन अनिवार्य रूप से करना होगा, एक सीट छोड़कर बैठना होगा।
- किसी शिक्षक-कर्मचारी-छात्र के संक्रमित पाए जाने पर तत्काल देनी होगी सूचना।
- प्रैक्टिकल विषय वाले छात्र ही आएंगे, बाकी की ऑनलाइन पढ़ाई रहेगी जारी।
- किसी विषय में छात्र संख्या 50 से ज्यादा होने पर दो पालियों में होगी पढाई।

Trending Now