हरिद्वार : हरिद्वार महाकुंभ का समय जैसे नजदीक आ रहा है, वैसे तैयारियां आकार लेने लगी है। कोरोना महामारी को देखते हुए कुम्भ मेले में इस बार अतिरक्ति सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे 35 स्पेशल ट्रेनें चलाएगा। हरिद्वार, देहरादून व ऋषिकेश से ही स्पेशल ट्रेनों को चलाने की तैयारी है।
मेले में चप्पे-चप्पे पर निगाह रखने को तीन सौ सीसीटीवी के अलावा तीन वॉच टावर भी बनेंगे। मेले में हर स्थिति से निपटने को ज्वाइंट वॉर रूम में रेलवे व उत्तराखंड सरकार के अधिकारी तैनात होंगे। मेला क्षेत्र का ऐसा रेलवे सेक्टर भी होगा जिसमें रेलवे व राज्य सरकार के आला अधिकारी रहेंग, ताकि विपरीत स्थितियों में काबू पाया जा सकें। अप्रिय घटना पर काबू पाने को डिजास्टर नीति भी बनाई गई है।
मेले की तैयारी एक साल से हो रही है। संक्रमण काल में तैयारी थमीं रहीं। कोरोना काल के बाद कुम्भ मेला ऐसा पहले बड़ा धार्मिक आयोजन होगा जिसमें देश भर से संत समेत लाखों श्रद्धालु जुटेंगे।
कोविड प्रोटोकाल को लेकर दुविधा कायम होने के बावजूद रेलवे अपनी तैयारी दिसंबर तक पूरा कर लेगा। मेले पर निगाह के लिए सीसीटीवी कैमरे हर क्षेत्र में लगेंगे जिसका कंट्रोल रूम से संबंध हेागा। कंट्रोल रूम से ही रेलवे व सरकार के अधिकारी निगाह रखेंगे। इसके अलावा मेला क्षेत्र में रेलवे का एक सेक्टर भी बनाया जा रहा है जिसमें राज्य सरकार के साथ रेलवे के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।

