पौड़ी के सूबेदार स्वतंत्र सिंह पाकिस्तान द्वारा की गई गोलीबारी में हुए शहीद.

पौड़ी : जम्मू-कश्मीर बॉर्डर पर सीमापार से पाकिस्तान द्वारा की गई गोलीबारी में उत्तराखंड का लाल देश के लिए कुर्बान हो गया है। जानकारी के अनुसार, गुरुवार को दिन तकरीबन 1:30 बजे जम्‍मू-कश्‍मीर के पुंछ में एलओसी पर पाकिस्‍तान की ओर से सीजफायर का उल्‍लंघन करते हुए की गई, जिसका मुंह तोड़ जवाब देते हुए जेसीओ स्वतंत्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, घायल अवस्था में ही उन्हें सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वह वीरगति को प्राप्त हो गए।
16 गढ़वाल राइफल में सूबेदार स्वतंत्र सिंह उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के ग्राम ओड़ियारी के रहने वाले थे। वे इन दिनों जम्मू-कश्मीर बॉर्डर पर तैनात थे। एक महीने पहले ही छुट्टी खत्म कर वह वापस लौटे थे।
उत्तराखंड मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने शहीद स्वतंत्र सिंह शोक व्यक्त करते हुए कहा कि जम्‍मू-कश्‍मीर के पुंछ में एलओसी पर पाकिस्‍तान की ओर से सीजफायर के उल्‍लंघन के दौरान ग्राम ओड़ियारी, पौड़ी गढ़वाल के वीर सपूत,16 गढ़वाल राइफल के सूबेदार स्वतंत्र सिंह शहीद हो गए हैं। देश की रक्षा के लिए अदम्य साहस एवं शौर्य का परिचय देने वाले सैन्यधाम के हमारे वीर शहीद को कोटिशः नमन। एक ओर जहां हमें अपने शहीद की शहादत पर गर्व है वहीं उन्हें खोने का भी बेहद दुःख है। ईश्वर पुण्यात्मा को अपने चरणों में स्थान दें तथा शोक संतप्त परिजनों को सम्बल प्रदान करें। राज्य सरकार इस दुःख की घड़ी में शहीद के परिजनों के साथ खड़ी है।

Trending Now