पौड़ी में तीन सरकारी स्कूलों में एक-एक शिक्षक पाए गए कोरोना पॉजिटिव.

पौड़ी : कोरोना महामारी में लगे लॉकडाउन के बाद अनलॉक में उत्तराखंड में करीब 7 महीने की कशमकश के बाद किसी तरह स्कूल खुले। परन्तु इसके साथ ही स्कूलों में कोरोना के मामले भी मिलने लगे हैं।
स्कूल खुलने के पहले ही दिन अल्मोड़ा जनपद के रानीखेत में एक अर्द्ध-सरकारी स्कूल में 12वीं कक्षा का एक छात्र कोरोना पॉजिटिव पाया गया था। इसके बाद अब बुधवार को पौड़ी गढ़वाल के श्रीनगर में सरकारी स्कूलों में पढ़ाने वाले 3 शिक्षक कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। ये तीनों शिक्षक विकासखंड खिर्सू के अंतर्गत आने वाले सरकारी स्कूलों में पढ़ाते हैं। तीन शिक्षकों के एक साथ कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मचा है।
शिक्षा विभाग के आदेश के मुताबिक, स्कूल खुलने से पहले शिक्षकों ने कोरोना जांच के लिए 28 अक्टूबर को सैंपल दिए थे। बुधवार को राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय श्रीकोट गंगानाली, राजकीय इंटर कॉलेज देवलगढ़ तथा राजकीय इंटर कॉलेज स्वीत के एक-एक शिक्षक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। अब तीनों स्कूल 1 हफ्ते तक बंद रहेंगे।
खंड शिक्षा अधिकारी खिर्सू प्रेमलाल भारती ने कहा कि इन स्कूलों के एक-एक शिक्षक कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इसलिए एहतियातन स्कूलों को बंद कर दिया गया है। स्कूलों को सैनेटाइज कराने के आदेश दिए गए हैं। स्कूलों में शिक्षकों और छात्रों के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद शिक्षा विभाग कोविड-19 की गाइडलाइन का सख्ती से पालन कराने में जुट गया है। प्रधानाचार्यों को इस संबंध में आदेश जारी किए गए हैं।
इन स्कूलों को अब एक हफ्ते के लिए बंद कर दिया गया है। स्कूलों का सैनेटाइजेशन कराया जाएगा। कोरोना पॉजिटिव मिले शिक्षक पूरी तरह स्वस्थ होने और कोरोना जांच में नेगेटिव आने पर ही स्कूल आएंगे। दूसरे स्कूलों के शिक्षकों की कोरोना जांच रिपोर्ट का भी इंतजार है।

Trending Now