Rudraprayag: द्वितीय केदार मदमहेश्वर मंदिर के कपाट खुले, सैकड़ों श्रद्धालुओं ने दर्शन कर किया पुण्य अर्जित.

 Rudraprayag:  द्वितीय केदार भगवान मदमहेश्वर मंदिर के कपाट आज श्रद्धा, भक्ति और वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए। पूर्वाह्न 11:30 बजे कर्क लग्न में कपाट खुलने के साथ ही मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से गूंज उठा। मंदिर को फूलों से भव्य रूप से सजाया गया है। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भगवान मदमहेश्वर के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने देश-विदेश के श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए सभी की सुख-समृद्धि की कामना की। वहीं बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने बताया कि मदमहेश्वर यात्रा को लेकर समिति की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं। बीकेटीसी मीडिया प्रभारी डा. हरीश गौड़ ने बताया कि भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह डोली 19 मई को ओंकारेश्वर मंदिर से रवाना हुई थी। डोली पहले पड़ाव राकेश्वरी मंदिर पहुंची और 20 मई को हकहकूकधारियों के गांव गौंडार पहुंचने के बाद गुरुवार सुबह मदमहेश्वर धाम पहुंची। पूर्वाह्न 11:30 बजे कपाट खोलने की प्रक्रिया संपन्न हुई। कपाट खुलने की प्रक्रिया पुजारी शिवशंकर लिंग ने पूरी कराई। इस दौरान भगवान मदमहेश्वर के स्वयंभू शिवलिंग को समाधि रूप से श्रृंगार रूप प्रदान किया गया। मंदिर समिति के अनुसार गुरुवार को 1135 श्रद्धालु दर्शन के लिए मदमहेश्वर धाम पहुंचे।

Trending Now