Hemkund Sahib: यात्रा मार्ग पर आठ फीट से अधिक बर्फ, हटाने के लिए सेना के जवान रवाना, 23 मई को खुलने हैं कपाट.

हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर आठ फीट से अधिक बर्फ जमी है, इसे हटाने के लिए सेना के जवान रवाना हो गए हैं। हेमकुंड साहिब के कपाट 23 मई को खुलने हैं। हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग से बर्फ हटाने के लिए भारतीय सेना की 418 माउंटेन ब्रिगेड का दल और गुरुद्वारे के सेवादार बुधवार को गोविंदघाट से रवाना हो गए। हेमकुंड साहिब के यात्रा मार्ग पर अभी आठ फीट से अधिक बर्फ जमी हुई है। इस बार हेमकुंड साहिब के कपाट 23 मई को खोले जाएंगे। लेकिन अभी आस्था पथ बर्फ से पूरी तरह ढका हुआ है। खासकर अटलाकोटी से आगे बर्फ ही बर्फ है। बुधवार को सेना के जवानों और सेवादारों ने गुरुद्वारे में अरदास की और हेमकुंड साहिब प्रबंधन ट्रस्ट के सीईओ सरदार सेवा सिंह ने दल को घांघरिया के लिए रवाना किया। सेवा सिंह ने बताया कि सेवादारों की एक टीम करीब एक सप्ताह पहले क्षेत्र का निरीक्षण करने गई थी। उस वक्त अटलाकोटी ग्लेशियर क्षेत्र में आठ फीट से अधिक बर्फ जमी हुई थी। यह टीम घांघरिया में रुकेगी और हर दिन मार्ग से बर्फ हटाने का काम करेगी। तीन सप्ताह में मार्ग को साफ कर दिया जाएगा। इससे कपाट खोलने के लिए की जाने वाली तैयारियों के लिए पर्याप्त समय मिल जाएगा। 20 कई को पहला जत्था ऋषिकेश से रवाना किया जाना है।

हेमकुंड साहिब प्रबंधन ट्रस्ट के अध्यक्ष सरदार नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने कहा कि भारीय सेना और ट्रस्ट के सेवादार हर साल यात्रा हेमकुंड साहिब की यात्रा को सुरक्षित व सफल बनाने के लिए निस्वार्थ भाव से कार्य करते हैं। उन्होंने सेना और सेवादारों का आभार व्यक्त किया है।
 

Trending Now