मंगलवार को राज्य में मिले 213 नए कोरोना संक्रमित मरीज, 6 की हुई मौत.

उत्तराखंड : राज्य में मंगलवार को करीब ढाई महीने के बाद एक दिन में सबसे कम कोरोना संक्रमित मामले मिले हैं। मंगलवार को 213 नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले और 6 मरीजों की मौत हुई है। इस बीच 422 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया। राज्य का रिकवरी दर अब 91.23 प्रतिशत हो गया है।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, मंगलवार को 12094 सैंपलों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई। बीते चार अगस्त को राज्य में एक दिन में 208 संक्रमित मामले मिले थे। इसके बाद से कल एक दिन में सबसे कम  213 संक्रमित मरीज मिले।
इनमें देहरादून जिले में सबसे ज्यादा 58 कोरोना मरीज मिले हैं। टिहरी में 29, नैनीताल में 24, पौड़ी में 21, उत्तरकाशी में 16, हरिद्वार में 16, ऊधमसिंह नगर में 12, रुद्रप्रयाग में 9, बागेश्वर में 8, पिथौरागढ़ में 7, चमोली में 6, चंपावत में 6, अल्मोड़ा जिले में 1 संक्रमित मिला है।
राज्य में कल छह मरीजों की मौत हुई। इसमें एम्स ऋषिकेश में दो, हिमालयन हॉस्पिटल में एक, महंत इंदिरेश हॉस्पिटल में एक, जिला अस्पताल ऊधमसिंह नगर में एक और सुशीला तिवारी मेडिकल कॉलेज में एक मरीज ने दमतोड़ा है। मरने वालों की संख्या अब कुल 1007 हो गई है। राज्य में सक्रिय मरीजों की संख्या घट कर 3865 हो गई है।

वायरस पकड़ सकता है रफ्तार
सचिव स्वास्थ्य अमित सिंह नेगी का कहना है कि त्योहारी सीजन और सर्दियां शुरू होने से कोरोना वायरस फिर से रफ्तार पकड़ सकता है। इसे देखते हुए मास्क, सोशल डिस्टेंसिंग और सैनिटाइजेशन का प्रयोग जरूरी है।
उन्होंने कहा कि त्योहारी सीजन के चलते बाजारों में भीड़भाड़ बढ़ेगी। वहीं, सर्दियों के मौसम में कोरोना संक्रमण फिर से रफ्तार पकड़ सकता है। इसे रोकने के लिए सभी को जारी एसओपी का पालन करना होगा। संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए आपसी सहयोग व तालमेल बेहद जरूरी है। कई देशों में संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं, जिससे दोबारा से लॉकडाउन करने की स्थिति पैदा हो रही है।
उन्होंने उद्योग व व्यापारी संगठनों से आग्रह किया कि वह सोशल डिस्टेंसिंग के लिए दुकानों के आगे गोले बनाएं। खरीदारी के लिए आने वाले लोगों के लिए मास्क व सैनिटाइजर की व्यवस्था को मजबूत किया जाए।

Trending Now