उत्तराखंड : राज्य में एक राज्यसभा सीट के चुनाव के लिए अधिसूचना जारी होने के साथ ही चुनाव प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। 27 अक्टूबर तक नामांकन पत्र लिए जा सकेंगे। जरूरत पड़ने पर राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर यानि 9 नवंबर को मतदान होगा।
उत्तराखंड से राज्यसभा की एक सीट आगामी 25 नवंबर को खाली हो रही है। इस समय कांग्रेस के सांसद राज बब्बर इस सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। केंद्रीय निर्वाचन आयोग कुछ दिन पहले चुनाव कार्यक्रम घोषित कर चुका है। इस चुनाव के लिए उत्तराखंड विधानसभा के प्रभारी सचिव मुकेश सिंघल को रिटर्निंग अधिकारी और अनुसचिव नरेंद्र सिंह रावत को सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है।
मंगलवार को रिटर्निंग अधिकारी मुकेश सिंघल ने चुनाव के लिए अधिसूचना जारी कर दी। इस अधिसूचना के अनुसार 27 अक्टूबर तक कार्य दिवस में सुबह 11 से दोपहर बाद 3 बजे तक नामांकन पत्र लिए जा सकते हैं। इसके लिए विधानसभा के कक्ष संख्या 303 में व्यवस्था की गई है। 28 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 2 नवंबर को दोपहर तीन बजे तक नाम वापस लिए सकेंगे। जरूरत पड़ने पर नौ नवंबर को मतदान होगा।
अधिसूचना जारी होने के साथ ही राज्यसभा की इस सीट के चुनाव की तैयारी भी शुरू हो गई है। विधानसभा की ओर से सभी विधायकों को चुनाव के बारे में सूचना दे दी गई है। राज्य की 70 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के विधायकों की संख्या 57 है। संख्या बल को देखते हुए राज्यसभा की इस सीट पर भाजपा प्रत्याशी की जीत तय माना जा रहा है।
फिलहाल, चुनाव के लिए विपक्ष की ओर से भी प्रत्याशी उतारने को लेकर उलझन में चल रही है। अगर विपक्ष की ओर से किसी प्रत्याशी उतारा को जाता है, तो इस स्थिति में मतदान की नौबत आ जाएगी।

