उत्तराखंड : कोरोना संक्रमण को देखते हुए उत्तराखंड में अब थोड़ा सुकून है। जिस तरह से सितंबर में कोरोना संक्रमण फैल रहा था, उस हिसाब से अक्टूबर में न केवल मामले कम आए हैं, बल्कि संक्रमण दर भी घटा है। राज्य में 31वें सप्ताह (11-17 अक्टूबर) में कोरोना के 3123 नए मामले आए। यह बीते आठ हफ्तों में कोरोना मरीजों की सबसे कम संख्या है। इसके अलावा, बीते आठ हफ्तों में एक्टिव केस का आंकड़ा भी इसी तरह सबसे कम रहा। एक अच्छी बात यह भी है कि 31वें हफ्ते संक्रमण दर में भी गिरावट देखने को मिली है। इस दौरान संक्रमण दर 13 सप्ताह के अपने सबसे कम स्तर (4.07 फीसद) पर रही है। रविवार को भी यह राहत बरकरार रही और राज्य में 376 नए मामलों की पुष्टि हुई।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक निजी व सरकारी लैब से कुल 9903 सैंपल की जांच रिपोर्ट मिली, जिनमें 9527 सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आई है। सिर्फ देहरादून में ही फिर सबसे ज्यादा 128 लोग संक्रमित मिले हैं। पौड़ी गढ़वाल में 42 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। नैनीताल में 34, टिहरी गढ़वाल में 31, चमोली में 29, हरिद्वार में 28, ऊधमसिंह नगर में 22, चंपावत में 16, उत्तरकाशी में 13, बागेश्वर में 11 व रुद्रप्रयाग में 10 लोग में कोरोना की पुष्टि हुई है। इनके अलावा पिथौरागढ़ में 8 व अल्मोड़ा में 4 लोग संक्रमित मिले हैं। अभी तक राज्य में कुल 58024 लोग संक्रमित हो चुके हैं। जिनमें से 50982 स्वस्थ हो गए हैं। वर्तमान में 5728 एक्टिव केस हैं, जबकि 387 मरीज राज्य से बाहर जा चुके हैं।
स्वस्थ होने वालों का बढ़ा आंकड़ा
राज्य में एक तरफ कोरोना के नए मरीज मिलने में कमी आई है, तो वहीं स्वस्थ होने वाले मरीजों का आंकड़ा भी लगातार बढ़ रहा है। रविवार को भी 162 मरीज कोरोना से स्वस्थ हुए हैं। इनमें 42 हरिद्वार, 41 उत्तरकाशी, 28 ऊधमसिंह नगर, 20 रुद्रप्रयाग, 11 देहरादून, 8 टिहरी, 3-3 पौड़ी, चमोली व चंपावत, 2 नैनीताल और 1 मरीज अल्मोड़ा से है। वर्तमान में रिकवरी दर 87.86 फीसद है।
3 मरीजों की हुई मौत
रविवार को न केवल मरीजों की संख्या कम रही, बल्कि मरने वालों का आंकड़ा भी गिरा। राज्य में तीन और मरीजों की मौत हुई है। अब तक कुल कोरोना संक्रमित 927 मरीजों की मौत हो चुकी है।

