उत्तराखंड : रविवार को देश में स्वामित्व योजना पायलट फेज के तहत छह राज्यों के 763 गांवों में एक साथ प्रॉपर्टी कार्ड वितरण का शुभारंभ हुआ। ऊधमसिंहनगर जिले में गदरपुर तहसील के गांव कुल्हा से योजना की शुरुआत हुई। शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय व डीएम रंजना राजगुरु ने प्रथम चरण में चयनित 60 लाभार्थियों को योजना के तहत कार्ड सौंपे। कार्ड मिलने पर लाभार्थियों ने प्रदेश व केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया। कार्ड वितरण से पहले एक घंटे की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में लोगों ने अलग-अलग राज्यों के किसानों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बातचीत को सुना।
सुबह करीब ग्यारह बजे उच्च प्राथमिक विद्यालय कुल्हा के परिसर में निर्मित मिनी इंडोर स्टेडियम हाल में लगाई गई बड़ी एलईडी स्क्रीन पर मौजूद लोगों ने प्रधानमंत्री को अलग-अलग राज्यों के किसानों से रुबरू होते देखा और सुना। प्रधानमंत्री का संबोधन समाप्त होने के बाद शिक्षा मंत्री ने माइक संभालते हुए स्वामित्व कार्ड की अहमियत बताई। साथ ही योजना के तहत जिले को चयनित करने पर विशेष रूप से प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कार्ड मिलने के बाद लोगों को बैंक ऋण व प्रॉपर्टी की खरीद-फरोख्त में काफी सहूलियत मिलेगी। इस मौके पर डीसीबी डायरेक्टर मोहन सिंह पानू, भाजयुमो नेता अतुल पांडेय, तरुण दुबे, योगेश पानू, सतीश चुघ, सुंदर सिंह राणा आदि थे।
स्वामित्व योजना का अर्थ
इस योजना के तहत केंद्र सरकार ने एक ई-ग्राम स्वराज पोर्टल की शुरुआत की है। इस पोर्टल पर ग्राम समाज से जुड़ी सभी समस्याओं की जानकारी होगी। इसके जरिए किसान अपनी भूमि व भवन की जानकारी ऑनलाइन देख सकेंगे। इस योजना की सबसे खास बात यह है कि संबंधित प्रापर्टी पर लंबे समय से चले आ रहे विवादों से छुटकारा भी मिलेगा। साथ ही गांव के लोगों को इस योजना के तहत बैंक ऋण मिलने में काफी सहूलियत रहेगी।
जिले के पहले कार्डधारक बने किच्छा निवासी परमजीत सिंह
किच्छा तहसील के गांव कनकपुर निवासी परमजीत सिंह पुत्र को उनके भवन का स्वामित्व कार्ड सौंपा गया। शिक्षा मंत्री व डीएम के हाथों पहला स्वामित्व कार्ड मिलने पर उन्होंने खुशी व्यक्त की साथ ही केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया।
सौंपे गए भवन के स्वामित्व
पहले फेज में सभी लोगों को उनके भवन के स्वामित्व कार्ड सौंपे गए। आबादी में स्थित भवन के वास्तविक आधार पर स्वामित्व कार्ड दिए गए। कार्ड में भवन की माप और कुल रकबा अंकित है।
योजना के तहत कवर होंगे जिले के 50456 लोग
शिक्षा मंत्री ने बताया कि रविवार को योजना का आगाज चुनिंदा छह राज्यों में किया गया है। कोरोना महामारी के चलते ज्यादा भीड़ न हो, इसके लिए महज 60 लोगों को बुलाया गया। समस्त लाभार्थियों तक कार्ड वितरित होने तक योजना सतत जारी रहेगी। इसके लिए पूरे जिले में 50456 लोगों के सापेक्ष प्रथम चरण में चयनित 6598 जबकि गदरपुर तहसील में 1547 व कुल्हा गांव में 280 लोगों को जल्द कार्डों का वितरण कर दिया जाएगा।

