उत्तराखंड : एससी-एसटी इंप्लॉइज फेडरेशन को मुख्य सचिव ओमप्रकाश की ओर से ये आश्वासन दिया गया है कि राज्य में जल्द ही एससी-एसटी के बैकलॉग के करीब पंद्रह हजार पदों पर भर्ती होगी। एक महीने के अंदर अलग-अलग विभागों में बैकलॉग के पदों का विवरण तैयार करके विज्ञप्ति जारी कर दी जाएगी।
सचिवालय में आयोजित बैठक में फेडरेशन अध्यक्ष करमराम ने एससी-एसटी और ओबीसी कर्मचारियों की मांगों को रखा। उन्होंने कहा कि, मार्च में बैकलॉग भर्ती का जीओ जारी हुआ था। लेकिन, विज्ञप्ति जारी नहीं हुई। मुख्य सचिव ने एक महीने में भर्ती शुरू करने का आश्वासन दिया है। इसके साथ ही अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने एक महीने में विभागों में खाली पदों का ब्योरा तैयार कराने का भरोसा दिया।
रोस्टर पर परीक्षण का आश्वासन
इस बैठक में एसटी के पदों का रोस्टर नौ नवंबर 2000 को शून्य मानते हुए नये सिरे से पदोन्नति और सीधी भर्ती में लाभ देने की मांग को नहीं माना गया। इसके परीक्षण का आश्वासन मिला। निकायों में सफाई कर्मचारियों के पद पुनर्जीवित करने की मांग पर खाली पदों में से 50 प्रतिशत पर भर्ती का आश्वासन मिला।
फेडरेशन ने ठेकेदारी का विरोध करते हुए कहा कि इन्हें विभागीय संविदा पर रखा जाए। मृतक आश्रितों को जल्द ही नौकरी देने के प्रकरण के परीक्षण कर नियुक्ति का आश्वासन दिया गया। इस बैठक में फेडरेशन अध्यक्ष के साथ महासचिव हरि सिंह, प्रवक्ता प्रमोद कुमार भी मौजूद थे।
इन पर भी दिया गया आश्वासन
-प्राथमिक शिक्षकों की वरिष्ठता निर्धारित होगी
-एससी-एसटी आयोग के भवन का निर्माण जल्द हो
-2010 में शिक्षा विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के प्रमोशन को लेकर हुई परीक्षा के आधार पर प्रमोशन दिया जाए
-आउटसोर्स वाले पदों पर भी आरक्षण का लाभ मिले
-ओबीसी का आरक्षण कोटा 24 से बढ़ाकर 27% हो
29 सितम्बर को होगी इरशाद आयोग की रिपोर्ट पर चर्चा
इस बैठक में विभागों में एससी-एसटी कर्मचारियों के प्रतिनिधित्व के परीक्षण को गठित इरशाद हुसैन आयोग की रिपोर्ट सार्वजनिक कर इसे लागू करने की मांग की गई। यह आश्वासन दिया गया कि 29 सितंबर को मुख्य सचिव बैठक कर मुख्यमंत्री को रिपोर्ट देंगे। दूसरी तरफ, फेडरेशन अध्यक्ष करमराम ने कहा कि मुख्य सचिव के सामने अपना पक्ष रखा गया है। जो आश्वासन बैठक में दिए गए हैं, उनका जिक्र कार्यवृत्त में होने पर फेडरेशन की बैठक होगी। उसी के अनुसार आगे की रणनीति को तय किया जाएगा।

