रक्षा मंत्री 28 सितम्बर को आईएमए में बनने वाली दो टनल का करेंगे वर्चुअल शिलान्यास .

देहरादून : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा 28 सितम्बर को आईएमए में बनने वाली दो टनल का वर्चुअल शिलान्यास किया जाएगा। इस दौरान राज्य में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत भी मौजूद रहेंगे। शिलान्यास अपराह्न 3ः30 बजे किया जायेगा।
इस संबंध में आज मुख्यमंत्री आवास में आईएमए कमाण्डेंट ले. जनरल जे.एस. नेगी ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने कहा आईएमए में दो सुरंगों के निर्माण के लिए केन्द्र सरकार से 45 करोड़ रूपये की स्वीकृति मिल चुकी है। आईएमए में दो टनल (अन्डरपास) बनेंगे। एक आर-पार जाने के लिए और एक आने के लिए।
परेड के दौरान आईएमए में सुरक्षा की दृष्टि से राज्य सरकार एवं सेना को भी चिंता रहती थी। इसलिए रक्षा मंत्री जी से दो सुरंगों के लिए अनुरोध किया गया था, जिस पर उन्होंने शीघ्र ही अपनी सहमति दी।
इसके लिए उन्होंने रक्षा मंत्री का आभार व्यक्त किया। इन सुरंगों के बनने से परेड के दौरान लोगों को आवाजाही की जो दिक्कतें होती थी, उसका भी समाधान होगा। इसके लिए सेना एवं जनता द्वारा लंबे समय से मांग की जा रही थी।

Trending Now