देहरादून : दून में कोरोना संक्रमण की रफ्तार दिन-प्रतिदिन लगातार तेजी से बढ़ती जा रही है। पिछले लम्बे वक्त से राज्य में सबसे ज्यादा कोरोना के मामले देहरादून से ही आ रहे हैं। बीते शुक्रवार को भी यहां 203 कोरोना के मरीज पाए गए।
इनमें सीआरपीएफ के एक सब इंस्पेक्टर की भी रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है, जिसके बाद सीआरपीएफ का सेक्टर मुख्यालय दो दिन के लिए बंद कर दिया गया है। साथ ही, कोरोना संक्रमित पाए गए सब इंस्पेक्टर के संपर्क में आए तीन अन्य लोगों को आइसोलेशन में रहने के निर्देश दिए गए हैं। अब दून में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 12044 पहुंच गई है।
राज्य में आए कुल कोरोना संक्रमण के मामलों में 27 फीसद सिर्फ देहरादून से हैं। इतना देखा गया है कि पिछले दो-तीन दिन से मरीजों के रिकवरी रेट में भी सुधार हो रहा है। कुल संक्रमितों में से अब तक 8075 मरीज स्वस्थ्य होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं। जबकि 3662 एक्टिव केस हैं।
एक कोविड केयर सेंटर को किया गया बंद
हर्रावाला में स्थित एक कोविड केयर सेंटर को बंद कर दिया गया है। सेंटर का पूरा स्टाफ रायपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में बने कोविड केयर सेंटर में शिफ्ट कर दिया गया है। स्पोर्ट्स स्टेडियम में अब बेड की संख्या बढ़ाने और ऑक्सीजन युक्त बेड शुरू किए जाने की तैयारी चल रही है।
डॉ. हरक सिंह रावत की रिपोर्ट सामान्य
वन मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने दून मेडिकल कॉलेज में अपना चेकअप कराया। यहां उनका चेस्ट एक्सरे, ईसीजी, ब्लड टेस्ट आदि किया गया। सभी रिपोर्ट सामान्य पाई गई हैं। उन्होंने विधानसभा सत्र से पहले आरटी-पीसीआर जांच कराई थी, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। उसके बाद से ही वह अपने घर पर आइसोलेशन में हैं।
कोरोना से कलक्ट्रेट के वाहन चालक की मौत
कलक्ट्रेट में तैनात वाहन चालक की शुक्रवार को दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मौत हो गई। 55 वर्षीय वाहन चालक सिटी मजिस्ट्रेट के साथ ड्यूटी पर था। बात करें तो अब तक कोरोना से कलक्ट्रेट के तीन कर्मचारियों की मौत हो चुकी है।
सबसे पहले कलक्ट्रेट के प्रशासनिक अधिकारी की मौत हुई थी। इसके बाद डिप्टी कलेक्टर के वाहन चालक की कोरोना संक्रमण से मौत हुई। वहीं कोरोना संक्रमित होने पर सिटी मजिस्ट्रेट के चालक को शुक्रवार सुबह होते ही अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के कुछ घंटे में ही उनकी मौत हो गई। कलक्ट्रेट में लगातार कोरोना के घातक होने से कर्मचारियों में डर का माहौल बना हुआ है। शुक्रवार को कर्मचारियों ने चालक को श्रद्धांजलि दी। वहीं, ड्राइवर के कोरोना से निधन पर राजकीय वाहन चालक महासंघ ने भी शोक संवेदना व्यक्त की।

